उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को मिली रफ्तार, केदारनाथ–हेमकुंट और मसूरी प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज प्रदेश में रोपवे निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने विभिन्न रोपवे प्रोजेक्ट्स की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रोपवे प्रोजेक्ट के लिए नियामक प्राधिकरण के रूप में BRIDCUL को मजबूत किए जाने के निर्देश दिए। इसके रोल और रिस्पॉन्सिबिलिटी का ड्राफ्ट शीघ्र तैयार करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने जागेश्वर धाम योजना में रोपवे प्रोजेक्ट को शामिल करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने रोपवे निर्माण के लिए प्राथमिकता तय करने हेतु उप समिति गठित करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में गठित इस समिति में सचिव पर्यटन, सचिव आवास, सचिव लोक निर्माण विभाग एवं नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण को शामिल किया गया है। यह समिति प्रदेश में बनने वाले रोपवे की प्राथमिकता तय करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर में बनने वाले रोपवे में किन स्थानों को शामिल किया जाना है, इसका निर्णय शहर की आवश्यकता के अनुसार पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा लिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने मसूरी रोपवे की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने लोअर टर्मिनल के पास सार्वजनिक सड़क मार्ग से संबंधित मामले को तीन दिन के भीतर निस्तारित कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा हेमकुंट साहिब और केदारनाथ रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने केदारनाथ रोपवे के लिए लॉजिस्टिक्स ड्राई रन कर असुरक्षित स्थानों की पहचान और सुधार कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंड ब्रिज और नए बाईपास को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। जहां-जहां नए ब्रिज और बाईपास की आवश्यकता है, वहां सर्वे और निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से साथ-साथ किए जाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ रोपवे के लोअर टर्मिनल पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके लिए भूमि चिन्हीकरण और हस्तांतरण की प्रक्रिया समानांतर रूप से शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हेमकुंट और केदारनाथ रोपवे निर्माण कार्यों का PERT चार्ट तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि केदारनाथ रोपवे का एग्रीमेंट साइन हो चुका है और एलओए जारी किया जा चुका है। प्रोजेक्ट का LiDAR सर्वे पूर्ण हो चुका है, जबकि अन्य तकनीकी और टोपोग्राफी सर्वे कार्य प्रगति पर हैं। हेमकुंट साहिब रोपवे के लिए भी एलओए जारी हो चुका है और भूमि सर्वेक्षण कार्य जारी है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
#Uttarakhand #RopewayProject #Kedarnath #HemkundSahib #Mussoorie #TourismDevelopment #Infrastructure #Development #BRIDCUL #JageshwarDham #SmartConnectivity #HillDevelopment #GovernmentProjects #IndiaDevelopment #TravelUttarakhand


Leave a Reply