अमित शाह के दौरे से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, तैयारियों का सीएम ने किया निरीक्षण
हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करने तथा आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा, आपातकालीन सेवाएं एवं अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने को कहा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जाम की स्थिति न बने और ट्रैफिक सुचारू रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

