राष्ट्रीय हथकरघा दिवस: मुख्यमंत्री धामी ने खरीदे नेटल फाइबर के वस्त्र, उत्कृष्ट शिल्पकारों को किया सम्मानित

**देहरादून।** मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन में उत्तराखण्ड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद द्वारा आयोजित 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने बिच्छू घास (नेटल फाइबर) से निर्मित पारंपरिक वस्त्र खरीदकर स्थानीय उत्पादों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित किया तथा उत्कृष्ट बुनकरों एवं हस्तशिल्प कारीगरों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस उन बुनकरों और शिल्पकारों के सम्मान का प्रतीक है, जो अपनी कला और कौशल से देश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कारीगर केवल उत्पाद नहीं बनाते, बल्कि अपनी रचनाओं में प्रदेश की संस्कृति और लोकजीवन की पहचान भी समाहित करते हैं।

उन्होंने कहा कि हर्षिल की ऊनी शॉल, मुनस्यारी और धारचूला की थुलमा, अल्मोड़ा की ट्वीड, रंगवाली पिछौड़ा, रिंगाल शिल्प और बिच्छू घास से बने उत्पाद उत्तराखण्ड की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा के प्रतीक हैं, जिन्हें देश-विदेश में पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के **’Vocal for Local’** और **’Local to Global’** अभियान से स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत अब तक 278 बुनकरों और शिल्पकारों को चार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण तथा एक करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दी जा चुकी है, जिससे लगभग 834 लोगों को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम और समग्र हस्तशिल्प क्लस्टर विकास योजना के तहत आधुनिक मशीनें, प्रशिक्षण, डिजाइन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर और विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही ई-कॉमर्स, मेलों और प्रदर्शनियों के माध्यम से उत्तराखण्ड के हस्तशिल्प उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि खरीदारी करते समय स्थानीय विकल्प को जरूर अपनाएं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक सविता कपूर, सचिव विनय शंकर पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में बुनकर, हस्तशिल्पी, उद्यमी और महिला शिल्पकार उपस्थित रहे।

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #NationalHandloomDay #Handloom #Handicrafts #VocalForLocal #LocalToGlobal #MakeInIndia #Dehradun #NettleFiber

Please follow and like us:
Pin Share

About The Author

By admin

You missed

Enjoy this blog? Please spread the word :)