मिशन हिंद महासागर’ पर पीएम मोदी, 11 साल बाद सेशेल्स का ऐतिहासिक दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 27 से 29 जून 2026 तक सेशेल्स की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा आज जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पीएम मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के विशेष निमंत्रण पर इस रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण देश का दौरा करने जा रहे हैं। साल 2015 के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली सेशेल्स यात्रा है। इस बार की यात्रा को कूटनीतिक और सैन्य दोनों लिहाज से गेम-चेंजर माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी इस ऐतिहासिक जश्न में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ (मुख्य अतिथि) के रूप में शामिल होंगे। संयोग से, भारत और सेशेल्स के बीच आधिकारिक राजनयिक संबंधों की स्थापना के भी इस साल 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिससे यह दौरा और भी ऐतिहासिक बन गया है।
भारत और सेशेल्स के मजबूत रक्षा संबंधों की बानगी इस बार सेशेल्स की धरती पर देखने को मिलेगी। सेशेल्स के नेशनल डे परेड में भारतीय सशस्त्र बलों की एक विशेष टुकड़ी मार्च करेगी। साथ ही भारतीय नौसेना के दो आधुनिक युद्धपोत (Warships) सेशेल्स के तट पर मौजूद रहकर इस उत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे। यह कदम साफ संदेश देता है कि भारत अपने इस समुद्री पड़ोसी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और ‘ब्लू इकोनॉमी’ (समुद्री अर्थव्यवस्था) जैसे साझा हितों पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली (संसद) को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
भू-राजनीतिक दृष्टिकोण से यह एक ‘स्टैंड-अलोन विजिट’ है, यानी प्रधानमंत्री विशेष रूप से केवल सेशेल्स के दौरे पर जा रहे हैं। हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में चीन की लगातार बढ़ती दखलंदाजी और जासूसी जहाजों की आवाजाही को देखते हुए भारत अलर्ट मोड पर है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत की ‘विज़न महासागर’ (MAHASAGAR) नीति और ‘ग्लोबल साउथ’ (Global South) के देशों को एकजुट करने की रणनीति को नया आयाम देगा। भारत सेशेल्स के साथ मिलकर समुद्री डकैती रोकने, सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने और समुद्री व्यापार सुरक्षित करने पर बड़ा दांव खेल रहा है।
#PMModi #SeychellesVisit #IndiaSeychelles #Diplomacy #IndianOcean #VisionMAHASAGAR #GlobalSouth #MaritimeSecurity #Geopolitics

