कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से, मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा का लक्ष्य **”सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़”** होना चाहिए।
हरिद्वार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पिंक टॉयलेट, पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही अफवाह फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए अलग यातायात व्यवस्था लागू करने तथा किसी भी स्थिति में वीआईपी मूवमेंट से यात्रा प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए। मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, वाटर एंबुलेंस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य गुणवत्ता की नियमित जांच, लाइसेंस और पंजीकरण प्रदर्शित करने तथा हर की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन निकासी योजना तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही अत्यधिक ऊंची कांवड़ और निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के भी निर्देश दिए।
**#KanwarYatra #Uttarakhand #Haridwar #PushkarSinghDhami #Devbhoomi #TrafficManagement #PublicSafety #DroneSurveillance #AI #India**

